Multai Accident News : मुलताई। नगर के व्यस्ततम क्षेत्र फव्वारा चौक स्थित मां ताप्ती बीकानेर मिष्ठान भंडार में सोमवार सुबह करीब 9 बजे गैस सिलेंडर के पाइप में लीकेज के कारण अचानक आग लग गई। घटना के समय दुकान की पहली मंजिल पर कचौड़ी बनाने का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कचौड़ियां तलते समय गैस पाइप से रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
आग लगते ही दुकान में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए सबसे पहले गैस सिलेंडर को अलग करने का प्रयास किया। उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की गई। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में सहयोग किया। सामूहिक प्रयासों के चलते आग पर काबू पा लिया गया।

घटना की सूचना तत्काल मुलताई नगर पालिका के दमकल विभाग को दी गई, लेकिन दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही आग नियंत्रित कर ली गई थी। गनीमत रही कि आग सिलेंडर तक नहीं पहुंची, अन्यथा विस्फोट होने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।
उल्लेखनीय है कि मिष्ठान भंडार के समीप एक मस्जिद स्थित है और यह क्षेत्र नगर का मुख्य मार्ग होने के कारण सुबह के समय यहां भारी भीड़भाड़ रहती है। ऐसे में समय रहते आग पर काबू पा लिया जाना बड़ी राहत की बात रही।
हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान के कुछ हिस्सों में नुकसान हुआ है। घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।






