MP News: राहुल गांधी से मिले बैतूल कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, पत्नी दीपाली डागा ने भेंट की विशेष पेंटिंग

On: November 10, 2025 9:38 AM
Follow Us:

MP News: कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के दौरान बैतूल जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा और उनकी पत्नी दीपाली डागा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मौके पर दीपाली डागा ने अपनी बनाई एक विशेष कलाकृति राहुल गांधी को भेंट की, जिसमें भारत के विकास में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका को कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया है।

दीपाली डागा ने बताया कि यह पेंटिंग पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर डॉ. मनमोहन सिंह तक के कालखंड में देश के औद्योगिक, वैज्ञानिक और सामाजिक विकास की यात्रा को समर्पित है। कलाकृति में बड़े बांधों के निर्माण, हरित क्रांति, इसरो की स्थापना, कंप्यूटर युग की शुरुआत और संचार क्रांति जैसी उपलब्धियों को रचनात्मक रूप से दर्शाया गया है।

चित्र में इंदिरा गांधी द्वारा बैंकों के राष्ट्रीयकरण, राजीव गांधी की तकनीकी पहल, लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान जय किसान’ संदेश और मनमोहन सिंह की आर्थिक नीतियों को प्रतीकात्मक रूप में शामिल किया गया है। साथ ही महात्मा गांधी के सिद्धांतों और डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान निर्माण में योगदान को भी सम्मानपूर्वक स्थान दिया गया है।

राहुल गांधी ने इस कलाकृति की सराहना करते हुए कहा कि यह पेंटिंग कांग्रेस के संघर्ष, सेवा और समृद्ध भारत के सफर को जीवंत रूप में सामने लाती है। उन्होंने दीपाली डागा को उनकी रचनात्मक सोच और समर्पण के लिए शुभकामनाएँ दीं।

निलय डागा ने कहा कि राहुल गांधी से मुलाकात उनके लिए प्रेरणादायक रही। उन्होंने बताया कि यह पेंटिंग केवल एक कला नहीं, बल्कि कांग्रेस की विचारधारा और देश निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment