Budget 2026-27 : बैतूल | बजट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का बड़ा बयान

On: February 2, 2026 11:44 AM
Follow Us:

“विश्वास और विकास का बजट, अगले दस वर्षों की दिशा तय करेगा”

Budget 2026-27 : बैतूल प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने केंद्र सरकार के बजट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस बजट को विश्वास और विकास का बजट बताते हुए कहा कि यह केवल एक साल के लिए नहीं, बल्कि आने वाले दस वर्षों में भारत की दिशा और दशा तय करने वाला बजट है। यह बजट देश को आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की ओर ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।


खंडेलवाल ने कहा कि अब तक भारत में सेमीकंडक्टर चिप का उत्पादन नहीं होता था और इस क्षेत्र में ताइवान, अमेरिका व चीन अग्रणी रहे हैं। लेकिन इस बजट में सेमीकंडक्टर और रेयर अर्थ मेटल के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मजबूत आधार तैयार किया गया है, जिससे भारत तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बन सकेगा।

लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी, टैक्स प्रणाली होगी सरल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बजट में लॉजिस्टिक्स लागत कम करने, उद्योगों को दंड की बजाय सहूलियतें देने और टैक्स सिस्टम को सरल बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। इससे अधिक से अधिक लोग स्वेच्छा से टैक्स देने के लिए प्रोत्साहित होंगे और व्यापार को गति मिलेगी।

मेडिकल टूरिज्म हब बनेगा भारत

मेडिकल टूरिज्म को लेकर बजट में किए गए प्रावधानों पर बात करते हुए खंडेलवाल ने कहा कि भारत में सस्ता और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध है। इन सुविधाओं के विस्तार से आने वाले समय में भारत विश्व का प्रमुख मेडिकल टूरिज्म हब बन सकता है।

टूरिज्म और बुद्धिस्ट सर्किट को मिलेगा बढ़ावा

उन्होंने बताया कि टूरिज्म सर्किट और बुद्धिस्ट सर्किट के विकास से भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही रेल कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल हब के माध्यम से मध्य प्रदेश को सीधा लाभ पहुंचेगा। केंद्र सरकार की सहायता से प्रदेश का बजट और अधिक सशक्त होगा।

खंडेलवाल ने अंत में कहा कि यह बजट केवल विकास का रोडमैप नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के विश्वास को मजबूत करने वाला एक अहम दस्तावेज़ है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment