Betul Winter News : बैतूल। गुरुवार सुबह एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली। सुबह होते ही पूरा शहर घने कोहरे की चादर में ढक गया। करीब आठ बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हो सके। कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर लगभग 200 मीटर रह गई, जिससे सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों को खासा परेशान होना पड़ा। हवा में नमी का स्तर करीब 95 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिससे ठंडक और अधिक महसूस की गई।
तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट
बीते दो दिनों की तुलना में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 27 जनवरी की रात तापमान 15 डिग्री सेल्सियस था, 28 जनवरी को यह 16 डिग्री तक पहुंचा, जबकि बुधवार रात तापमान गिरकर 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में भी कमी आई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री था, जो बुधवार को घटकर 26.5 डिग्री रह गया। मौसम विभाग के अनुसार, बढ़ती नमी के कारण आने वाले दिनों में दिन के तापमान में और गिरावट हो सकती है।
हवा और बादलों से बढ़ी ठंडक
सुबह के समय हवा की रफ्तार करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन में हवा की गति बढ़कर 18 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और दोपहर के बाद कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है। शाहपुर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।
फसलों पर भी दिखने लगा असर
कोहरे और बढ़ी नमी का असर अब फसलों पर भी पड़ने लगा है। मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव से गेहूं, चना और सरसों की फसल प्रभावित हो सकती है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि सुबह के समय खेतों में मशीनों का उपयोग न करें और कोहरा छंटने के बाद फसलों की स्थिति का निरीक्षण जरूर करें।






