Betul Suicide News : संदिग्ध परिस्थितियों में 55 वर्षीय महिला की मौत, जहर सेवन की आशंका

On: February 3, 2026 7:18 AM
Follow Us:

Betul Suicide News : बैतूल। जिले के प्रभु ढाना क्षेत्र में 55 वर्षीय महिला शीला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जहर सेवन की आशंका के चलते परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, सोमवार को शीला को अचानक उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए महिला को आईसीयू में रखा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतका शीला मूल रूप से महाराष्ट्र की रहने वाली बताई जा रही है और मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। उसके पति भीकू की करीब दो साल पहले मृत्यु हो चुकी है। भीकू पहले डब्ल्यूसीएल कोयला कंपनी में मजदूरी करते थे, बाद में वे खेती करने लगे थे। शीला के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा गांव में ही रहता है।

परिजनों ने बताया कि शीला पिछले एक माह से रिश्तेदारी में रह रही थी और तीन-चार दिन पहले ही अपने घर लौटी थी। मृतका के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने क्या खाया था, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। परिजनों ने भी किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना अस्पताल के आईसीयू प्रबंधन द्वारा पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment