Betul Sports News : बैतूल जिले के दो प्रतिभाशाली युवाओं ने अहमदाबाद में आयोजित वेस्टर्न रीजन वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले और मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। 14 से 18 फरवरी तक आयोजित इस प्रतिष्ठित मुकाबले में कु. पूर्वी चौहान ने गोल्ड मेडल और आयुष इवने ने सिल्वर मेडल हासिल किया।
गोल्ड मेडल जीतने पर पूर्वी को 75 हजार रुपये और सिल्वर मेडल जीतने पर आयुष को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। दोनों की इस उपलब्धि से जिले में उत्साह का माहौल है।
इंदौर में एनीमेशन की पढ़ाई कर रहीं पूर्वी
शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के प्राचार्य अजीश पंद्रे ने बताया कि पूर्वी चौहान वर्तमान में इंदौर में एनीमेशन कोर्स की पढ़ाई कर रही हैं। वहीं आयुष इवने शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई बैतूल में फ्लोरीकल्चर एंड लैंडस्केपिंग ट्रेड के छात्र हैं।
इस वेस्टर्न रीजन प्रतियोगिता में गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दमन-दीव के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिनके बीच कड़ा मुकाबला रहा।
“स्किल का ओलंपिक” है प्रतियोगिता
प्राचार्य ने बताया कि WorldSkills प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित कौशल प्रतिस्पर्धा है, जिसे “स्किल का ओलंपिक” भी कहा जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं में व्यावसायिक और तकनीकी कौशल को प्रोत्साहित करना है।
फ्लोरिस्ट्री स्किल में प्रतिभागियों को तय समय में थीम के अनुसार फूलों की सजावट, वेडिंग बुके तैयार करना, सजावटी डिजाइन बनाना और अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करना होता है।
अब राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में मुकाबला
दोनों विजेताओं को अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नई दिल्ली जाने का अवसर मिला है। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल सकता है।
संस्था के प्राचार्य अजीश पंद्रे, नोडल प्राचार्य शुभम वानखेड़े, जिला स्किल समन्वयक सोनू लिल्होरे सहित सभी शिक्षकों और स्टाफ ने दोनों प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।






