Betul Samachar: बैतूल। आठनेर में गुरुवार को हुए विवाद और मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एक गुमटी को जेसीबी से हटवा दिया। घटना के बाद करीब छह घंटे तक आठनेर बस स्टैंड इलाके में बाजार पूरी तरह बंद रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
बाजार के दिन बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार साप्ताहिक बाजार के दौरान सड़क पर लगे कपड़ों के गठ्ठों की वजह से जाम की स्थिति बनी। इसी दौरान कामरान और दिव्यांशु उर्फ पिंटू साहू के बीच रास्ता रोकने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो कामरान के साथी अरशद और शेरा मौके पर पहुँच गए और दिव्यांशु के साथ मारपीट कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही तनाव फैल गया और कुछ संगठनों ने बाजार बंद करने की घोषणा कर दी।
पुलिस और प्रशासन ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया। एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि यह पूरी तरह दो व्यक्तियों के बीच व्यक्तिगत विवाद था, जिसे लेकर किसी प्रकार की अफवाह न फैलाई जाए। दोनों पक्षों को बैठाकर समझाइश दी जा रही है।
छह आरोपियों पर FIR, तीन गिरफ्तार
घटना के बाद कुल 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। प्रशासन ने स्थिति सामान्य होने की बात कही है और कहा कि क्षेत्र में कोई सामुदायिक तनाव नहीं है।






