Betul Samachar : भैंसदेही एकलव्य विद्यालय में छात्र की मौत के मामले में जनजातीय आयोग का संज्ञान, बैतूल कलेक्टर व विभाग को नोटिस

On: November 3, 2025 6:06 AM
Follow Us:

Betul Samachar : बैतूल। भैंसदेही स्थित शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्र की संदिग्ध मृत्यु के मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजातीय आयोग ने इस घटना पर मध्यप्रदेश आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम की शिकायत के आधार पर जनजातीय कार्य विभाग और बैतूल कलेक्टर को नोटिस जारी किया है। आयोग ने दोनों अधिकारियों से सात दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

रामू टेकाम ने आयोग को दी शिकायत में कहा कि छात्र की मौत विद्यालय प्रशासन की लापरवाही और उदासीनता के कारण हुई है। उन्होंने मृतक छात्र के परिवार को मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत को गंभीर मानते हुए आयोग ने 16 अक्टूबर को भोपाल स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय से यह नोटिस अनुसंधान अधिकारी अंकित कुमार सेन के माध्यम से जारी किया।

छात्रों की समस्याओं पर भी आयोग की नजर

आयोग ने एक अन्य प्रकरण में, भैंसदेही क्षेत्र के आदिवासी विद्यार्थियों को हो रही शैक्षणिक और बुनियादी सुविधाओं की दिक्कतों पर भी जनजातीय कार्य विभाग से 30 दिन में जवाब मांगा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि समयसीमा में प्रतिवेदन नहीं मिला, तो वह संविधान के अनुच्छेद 338(ए) के तहत सिविल न्यायालय जैसी शक्तियों का उपयोग कर सकता है।

शाहपुर एकलव्य विद्यालय में भी गंभीर शिकायतें

रामू टेकाम ने अपनी शिकायत में शाहपुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय की स्थिति का भी उल्लेख किया है। छात्रों के अनुसार विद्यालय में पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय और बिस्तर सामग्री जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।

विभाग का जवाब आने की प्रतीक्षा

इस बीच, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विवेक पांडे ने बताया कि उन्हें अभी तक आयोग का नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जैसे ही आयोग की जानकारी प्राप्त होगी, विभाग की ओर से विस्तृत प्रतिवेदन भेजा जाएगा।

यह मामला अब राज्य स्तर पर भी चर्चा में है, और आयोग ने संकेत दिए हैं कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं हुआ, तो वह स्वयं जांच के लिए टीम भेज सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment