Betul Samachar: बैतूल। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की धीमी प्रगति को देखते हुए कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने शनिवार को सख्त रुख अपनाया। योजना की समीक्षा बैठक में उन्होंने तीन अधिकारियों की अक्टूबर माह की वेतन भुगतान रोकने के आदेश दिए, जिनके क्षेत्रों में छह माह से कोई कार्य प्रगति नहीं दिखाई दी थी।
शून्य प्रगति पर कार्रवाई
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई समीक्षा बैठक के दौरान शाहपुर की ग्राउविअ अंकिता मिश्रा, भीमपुर के ग्राउविअ दरियाव सिंह मर्सकोले और आठनेर के ग्राउविअ शंकर कुमार लावस्कर की रिपोर्ट पर असंतोष जताया गया। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर सौ प्रतिशत लक्ष्य पूरा नहीं किया गया, तो अब तक की शून्य कार्यप्रगति के आधार पर वेतन वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
अन्य अधिकारियों को नोटिस
कम प्रगति दिखाने वाले अन्य अधिकारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को 20-20 प्रकरणों का लक्ष्य दिया गया है और बैंकों में लक्ष्य से दोगुने प्रकरण प्रस्तुत किए जाएं ताकि अधिक से अधिक उद्यमी योजना का लाभ ले सकें।
नवंबर अंत तक शिविर लगाने के निर्देश
सूर्यवंशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवंबर माह के अंत तक जनपद पंचायत सीईओ के समन्वय में शिविरों का आयोजन कर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।






