Betul Samachar: बैतूल। खेल जगत में एक बार फिर जिले का नाम रोशन हुआ है। गोवा में आयोजित ओशनमैन इंटरनेशनल स्विमिंग प्रतियोगिता में बैतूल के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुबई में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। इस बार जिले के छह तैराकों ने चयन हासिल किया, जिससे अब तक बैतूल के कुल आठ खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित इवेंट में जगह बना चुके हैं।
प्रतियोगिता एजेंसी द्वारा जारी परिणामों के अनुसार, 10 किलोमीटर ओपन वॉटर स्विमिंग वर्ग में रोशन सूर्यवंशी, हिमांशु सातनकर और प्रशाद निर्गुड़कर का चयन हुआ है। वहीं, 5 किलोमीटर वर्ग में देवेंद्र यादव, सोरब यादव और अनिकेत यादव ने क्वालीफाई किया है।
कोच जामरान हुसैन की विशेष ट्रेनिंग लाई रंग
खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय भोपाल के प्रसिद्ध आयरनमैन कोच जामरान हुसैन को दिया, जिन्होंने तैराकों को ओपन वॉटर स्विमिंग की विशेष तकनीकी ट्रेनिंग दी थी। उनके मार्गदर्शन में बैतूल की टीम ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
टीम लीडर बने रोशन सूर्यवंशी
टीम का नेतृत्व रोशन सूर्यवंशी ने किया, जो साइक्लिंग और स्विमिंग दोनों में निपुण हैं। उन्होंने न केवल व्यक्तिगत स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया बल्कि पूरी टीम को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
समिति ने दी बधाई
बैतूल जिला तैराकी विकास उत्थान समिति ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए दुबई में होने वाली आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। समिति का कहना है कि जिले के युवा खेलों में लगातार नई ऊंचाइयां छू रहे हैं, जो बैतूल के लिए गौरव की बात है।






