Betul Samachar: बैतूल। नगर के बस स्टैंड पर 28 अक्टूबर की रात हुए आदित्य टेकाम हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। अब तक इस मामले में तीन वयस्क आरोपी और दो नाबालिग पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शिवम मंसूर (21), शुभम मंसूर (18), राहुल पवार (19) और दो बाल अपचारी शामिल हैं। सभी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सभी आरोपी एक ही इलाके के निवासी
पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी नगर क्षेत्र के ही निवासी हैं। इनमें से अधिकतर की शिक्षा नवमी कक्षा तक रही है। एक नाबालिग दसवीं में अध्ययनरत था, जबकि बाकी ने पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी।
दो भाई भी आरोपी
शिवम और शुभम मंसूर सगे भाई हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। शिवम मिस्त्री का काम, जबकि शुभम बस कंडक्टर के रूप में कार्यरत है। तीसरा आरोपी राहुल पवार, जो पीओपी का काम करता है, ने पुलिस को बताया कि वह उस रात बस स्टैंड पर चाय पीने गया था, जहां मामूली विवाद ने खूनी झगड़े का रूप ले लिया और आदित्य की मौत हो गई।
जांच जारी, साजिश की भी पड़ताल
पुलिस ने अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी परिहार के अनुसार, घटना से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और संभावित साजिश का खुलासा किया जा सके।






