Betul Samachar: बैतूल जिले के मोहदा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात राहुल मन्नू चौहान बाइक खड़ी करते समय अचानक गिर पड़े थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
परिजनों के अनुसार, राहुल देर रात नशे की हालत में घर लौटे थे। बाइक संभालते वक्त संतुलन बिगड़ गया और वे गिर पड़े। इसके बाद वे किसी तरह घर पहुंचे, भोजन किया और आंगन में सो गए। सुबह जब परिवार के सदस्य उन्हें उठाने पहुंचे, तो वे बेहोश पाए गए।
तुरंत उन्हें भीमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
राहुल मजदूरी करते थे और अक्सर हरदा की ओर काम के लिए जाया करते थे। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनके पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं।
मोहदा थाना प्रभारी वी.के. मौर्य ने बताया कि अभी तक मर्ग इंटिमेशन नहीं मिली है, लेकिन प्रारंभिक जांच में नशे की हालत में हादसा होने की आशंका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






