Betul News : खेत में काम कर रही महिला की करंट लगने से मौत

On: January 28, 2026 11:12 AM
Follow Us:

पेड़ से गिरते समय बिजली की मेन लाइन के संपर्क में आई, गांव में शोक

Betul News : बैतूल जिले के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत हणोतिया गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक महिला कमलती पति पंजाब राव परते खेत में बकरियों के लिए पत्तियां तोड़ने के उद्देश्य से पेड़ पर चढ़ी थीं। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिरने लगीं। गिरते समय उन्होंने खेत के पास से गुजर रही बिजली की मेन लाइन का तार पकड़ लिया। तार में तेज करंट होने के कारण उन्हें जोरदार झटका लगा और वे जमीन पर गिर पड़ीं।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और खेत मालिक ने महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस चौकी के माध्यम से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया गया है कि कमलती मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। उनके पति का पहले ही बीमारी के चलते निधन हो चुका है। महिला के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है, दूसरी बेटी पढ़ाई कर रही है, जबकि एक छोटा बच्चा अभी आश्रित है। इस हादसे के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और राहत देने की मांग की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment