Betul News : बसंत पंचमी पर विद्यारंभ संस्कार, बच्चों ने हवन में दी आहुति

On: January 23, 2026 11:31 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्या की देवी मां सरस्वती की आराधना के साथ सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कालापाठा में विद्यारंभ संस्कार का आयोजन पूर्ण हर्षोल्लास के साथ किया गया। मान्यता है कि इसी दिन मां सरस्वती प्रकट हुई थीं, इसलिए बसंत पंचमी को विशेष रूप से विद्यार्थियों का पर्व माना जाता है।

यह कार्यक्रम सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान, मध्यप्रदेश भोपाल के मार्गदर्शन में विद्या भारती की योजना अनुसार संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व मांगल्य सभा की सह कोषाध्यक्ष (मध्य भारत प्रान्त) श्रद्धा खण्डेलवाल ने की। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास परियोजना बैतूल की श्रीमती श्वेता वालम्बे एवं श्रीमती पूनम खण्डेलवाल का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

घोष-बाजों के साथ वेद भ्रमण

कार्यक्रम के पूर्व चारों वेदों को सिर पर धारण कर घोष-बाजों के साथ क्षेत्र के मंदिरों में भ्रमण किया गया। विद्यालय लौटने पर माताओं एवं छोटे बच्चों के पैर धोकर उनका स्वागत किया गया।

ओंकार ध्वनि के साथ विद्यारंभ

माताओं ने अपनी गोद में नौनिहालों को लेकर शिशु के दाहिने हाथ से ‘ओम’ और स्वस्तिक की आकृति बनवाई। ओंकार ध्वनि के साथ हवन में आहुति देकर शिशुओं का विद्यारंभ संस्कार संपन्न कराया गया।

हवन-पूजन और सरस्वती वंदना

कार्यक्रम के शुभारंभ पर अतिथियों द्वारा मां सरस्वती का पूजन किया गया। श्रीमती कीर्ति साहू ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। पंडित आकाश तिवारी के मुखारविंद से वेदोच्चारण के साथ वेद पूजन एवं हवन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment