Betul News: बैतूल में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस, 300 करोड़ से अधिक की विकास सौगातें

On: November 17, 2025 9:14 AM
Follow Us:

Betul News: बैतूल में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर शनिवार को भव्य जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। पुलिस ग्राउंड में हुए इस समारोह में प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान जिले में 80 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और 225 करोड़ से ज्यादा परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।

नेताओं की मौजूदगी, पारंपरिक नृत्य और माल्यार्पण से शुरुआत

कार्यक्रम में सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, महेंद्र सिंह चौहान, चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार और पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने जनजातीय गीतों की धुन पर नृत्य किया और जनजातीय वीरों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

प्रदर्शनी और लघु फिल्म ने आकर्षित किया ध्यान

कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय नायकों से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई गई और उन पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। मंच पर छात्र-छात्राओं और कलाकारों ने पारंपरिक नृत्यों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन सत्र में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, जनजातीय कलाकारों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

“जल-जंगल-जमीन की रक्षा का संदेश आज भी प्रासंगिक” — मंत्री पटेल

प्रभारी मंत्री पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने प्रकृति की रक्षा और जनजातीय स्वाभिमान का संदेश दिया था। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय विरासत को सम्मान देने के प्रयासों की सराहना की। मंत्री ने बताया कि जिले में सरदार गंजन सिंह कोरकू, विष्णु सिंह गोंड और रामजी कोरकू के नाम पर विभिन्न संस्थानों और परियोजनाओं का नामकरण किया गया है।

सांसद पटेल का “4D संकल्प”

सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल ने बिरसा मुंडा, टंट्या मामा और सिद्धू-कान्हू के बलिदान को प्रेरणादायक बताते हुए उपस्थित जनजातीय समाज को दहेज, दारू, डीजे और धर्मांतरण से दूर रहने का संकल्प दिलाया। वहीं विधायकों ने जनजातीय गौरव दिवस को सामाजिक जागरूकता का पर्व बताया और स्कूलों में प्रभात फेरियां निकालकर नायकों के संदेश को फैलाने का सुझाव दिया।

जिले में चल रहे अभियानों की जानकारी

प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन ने बताया कि जिले के 554 जनजातीय ग्रामों में ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ और ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ संचालित हैं। अब तक 12 हजार आवास, 3.9 लाख आयुष्मान कार्ड और 670 विद्युत कनेक्शन स्वीकृत किए जा चुके हैं। उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए जिले को राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

बिरसा मुंडा की जयंती पर विविध कार्यक्रम

रक्तदान कर दी श्रद्धांजलि

मां शारदा सहायता समिति द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। महेंद्र प्रजापति, विनय शिवहरे, भानु चंदेलकर और कोजेम भाई रक्तदान के लिए पहुंचे, जिनमें से दो का रक्त संग्रह किया गया। रक्तदाताओं को पौधा, प्रमाणपत्र और बिरसा मुंडा का चित्र देकर सम्मानित किया गया।

जरूरतमंदों को कंबल वितरण

युवा कांग्रेस महासचिव प्राची पारधी ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और ठंड से परेशान जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्ग की सेवा ही सच्ची मानवता है। कार्यक्रम में कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शाहपुर में भी मनाया गया गौरव दिवस

शाहपुर के सरदार गंजनसिंह चौपाल पतौवापुरा में जनजाति गौरव दिवस और बालदिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल और छिंदवाड़ा से भारी संख्या में लोग शामिल हुए। रैली निकालकर बिरसा मुंडा और स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने आदिवासी संस्कृति, शिक्षा और अधिकारों की चुनौतियों पर चर्चा की। संचालन राजेन्द्र गढ़वाल ने किया और संयोजक कापसे गुरुजी ने आभार व्यक्त किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment