Betul News: मुलताई। नगर की पेयजल व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने हरदौली डैम क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पेयजल स्रोत से मोटरों के जरिए पानी खींचकर खेतों की सिंचाई करने की शिकायतें मिलने पर करीब दर्जनभर से ज्यादा किसानों को नोटिस थमा दिए गए हैं।
निरीक्षण में खुली किसानों की करतूत
नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गड़ेकर और सीएमओ वीरेंद्र तिवारी के निर्देश पर शुक्रवार को एक टीम ने डैम क्षेत्र का मौका निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर किसान पाइपलाइन और मोटरों के सहारे सीधे डैम से पानी निकालते हुए मिले। टीम ने तत्काल उन किसानों को रोकते हुए पानी के दुरुपयोग से बचने की हिदायत दी।
गर्मी से पहले सतर्क हुआ प्रशासन
उपयंत्री योगेश आनेराव ने बताया कि डैम में वर्तमान में जलस्तर संतोषजनक है, लेकिन लगातार मिल रही शिकायतों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी। अधिकारियों का कहना है कि यदि सिंचाई के लिए पानी का दुरुपयोग जारी रहा, तो आने वाले गर्म दिनों में नगर की पेयजल सप्लाई संकट में पड़ सकती है। इसी वजह से संबंधित किसानों को नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी गई है।
वैकल्पिक सिंचाई स्रोत अपनाने की अपील
प्रशासन ने किसानों से आग्रह किया है कि वे फसल सिंचाई के लिए अन्य जलस्रोत अपनाएं और नगर की पेयजल व्यवस्था को प्रभावित न करें। साथ ही स्पष्ट कर दिया गया है कि भविष्य में डैम के पानी का अवैध उपयोग करते कोई भी किसान पाया गया, तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी। किसानों ने फिलहाल प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिया है।






