Betul Samachar: मुलताई । बस स्टैंड के पास युवक आदित्य टेकाम की हत्या के बाद पूरे नगर में शोक और गुस्से का माहौल है। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे विधायक चंद्रशेखर देशमुख मृतक के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। उन्होंने दुखी परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
विधायक ने मृतक परिवार के लिए ₹1 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की और प्रशासन को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जल्द आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर ही थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार से फोन पर बात की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए।
थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि पुलिस टीमें अब आठ कर दी गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, एडिशनल एसपी कमला जोशी ने बताया कि आरोपी हत्या के बाद भोपाल की ओर भागे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस भोपाल व आसपास के जिलों में छापेमारी कर रही है।
विधायक देशमुख के साथ भाजपा नेता उपेंद्र पाठक, नगर मंडल अध्यक्ष गणेश साहू, जगदीश पवार और अजय यादव भी मौजूद रहे। देशमुख ने कहा कि “ऐसी घटनाएं समाज के लिए कलंक हैं, इन्हें जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई होगी।”
उन्होंने यह भी घोषणा की कि मुलताई क्षेत्र में नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक संयुक्त अभियान जल्द शुरू किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने विधायक से बस स्टैंड क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।






