Betul News: बैतूल। खेड़ी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम शेलगांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के ही रहने वाले 40 वर्षीय राजमिस्त्री रवि इवने की डेम में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रवि इवने बुधवार सुबह करीब सात बजे घर से निकले थे। परिवार को लगा कि वे रोज़ की तरह काम पर गए हैं। लेकिन जब वे देर शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाशी के दौरान कुछ लोगों ने डेम के पास रवि के होने की आशंका जताई और इसकी सूचना खेड़ी चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने एसडीईआरएफ (SDERF) टीम को मौके पर बुलाया।
एसडीईआरएफ प्रभारी एचएसएम अवधेश वर्मा के नेतृत्व में छह सदस्यों की टीम—भूपेंद्र शशांक, योगेश, रामकरण, लवकेश, कैलाश और प्रियंका—ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। यह गांव जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित है।
कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर तीन से चार बजे के बीच टीम ने रवि का शव पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रवि डेम के पास किस उद्देश्य से गया था और उसकी डूबने की सटीक वजह क्या रही। प्रारंभिक जांच में यह मामला आकस्मिक मृत्यु का माना जा रहा है। पुलिस घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।






