Betul News: मुलताई। नगर पालिका परिषद ने बुधवार को मंगलवार बाजार क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। उपयंत्री महेश त्रिवेदी के नेतृत्व में टीम ने बैतूल रोड पर करीब डेढ़ दर्जन से अधिक स्थायी कब्जे ध्वस्त किए। यह अभियान लंबे समय से सड़क और फुटपाथ पर किए जा रहे अवैध निर्माणों को हटाने के लिए चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, बैतूल रोड के किनारे कई दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की भूमि पर पक्के ढांचे बनाकर कब्जा कर लिया था। इन अतिक्रमणों से यातायात अवरुद्ध हो रहा था और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतें मिलने के बाद नगर पालिका ने पहले नोटिस जारी किया, लेकिन कब्जा नहीं हटाने पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
दोबारा कब्जा करने पर होगी सख्त कार्रवाई
उपयंत्री महेश त्रिवेदी ने बताया कि सभी अतिक्रमण नगर पालिका की संपत्ति पर किए गए थे। नोटिस देने के बावजूद जब इन्हें नहीं हटाया गया, तो कार्रवाई करना जरूरी हो गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने दोबारा कब्जा करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कार्रवाई का खर्च भी वसूला जाएगा।
अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की तैयारी
नगर पालिका के सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि ताप्ती नाला क्षेत्र में भी कई स्थायी अतिक्रमण हैं। इन पर कार्रवाई के लिए एसडीएम को पत्र भेजा गया है। एसडीएम के निर्देश के बाद एसआईआर प्रक्रिया पूरी कर वहां भी अतिक्रमण हटाने की योजना तैयार की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों में संतोष का माहौल देखा गया। लोगों ने नगर पालिका की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि प्रशासन इसी तरह अन्य मार्गों से भी अतिक्रमण हटाए, तो शहर की यातायात व्यवस्था और सुंदरता दोनों में सुधार होगा।






