Betul Samachar: कल्चुरी कलार समाज ने जिला अस्पताल में स्वच्छता कर्मियों का किया सम्मान, पैर पखारकर दिया सामाजिक सौहार्द का संदेश

On: October 29, 2025 7:44 AM
Follow Us:

Betul Samachar: बैतूल। मंगलवार को कल्चुरी कलार समाज की ओर से जिला चिकित्सालय परिसर में एक अनूठा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अस्पताल में कार्यरत 43 स्वच्छता प्रहरियों को सम्मानित किया गया। समाज के सदस्यों ने इन सफाई कर्मियों के पैर पखारकर और उपहार भेंट कर समाज में समानता और सम्मान का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान सहस्त्रबाहु जी की पूजा-अर्चना से हुई। इस अवसर पर स्वच्छता कर्मियों को मंच पर सम्मानपूर्वक बैठाया गया, उनकी आरती उतारी गई, तिलक कर पुष्पवर्षा की गई, और उन्हें माला, बुके, मिठाई व उपहार दिए गए।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला कार्यकारी अध्यक्ष के.के. मालवीय, महिला अध्यक्ष बिंदु मालवीय, नगर अध्यक्ष रिंकी मालवीय, डॉ. रानू वर्मा, डॉ. आनंद मालवीय, रक्त केंद्र अधिकारी डॉ. अंकिता सीते तथा संजय शुक्ला सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. रानू वर्मा ने कहा कि “13 एकड़ में फैले जिला अस्पताल को स्वच्छ रखना कोई आसान कार्य नहीं है, यह संभव हुआ है हमारे स्वच्छता प्रहरियों की मेहनत से।” वहीं डॉ. आनंद मालवीय ने कहा कि सफाई ही स्वास्थ्य की पहली शर्त है, और यह वर्ग समाज को बीमारियों से बचाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

रिंकी मालवीय ने कहा कि “यह सम्मान समाज के उन लोगों के प्रति हमारी कृतज्ञता है जो निस्वार्थ भाव से सेवा कर रहे हैं।” कार्यक्रम के दौरान कई स्वच्छता कर्मी भावुक हो उठे।

निमिष मालवीय, दीप मालवीय और शैलेंद्र बिहारिया ने स्वच्छता कर्मियों की तुलना मां से करते हुए कहा कि “जिस तरह मां बच्चे की गंदगी साफ करती है बिना किसी शिकायत के, वैसे ही ये प्रहरी अस्पताल को स्वच्छ रखते हैं।”

अंत में संतोष पवार और प्रकाश करोसिया ने स्वच्छता कर्मियों को समर्पित कविताएं सुनाकर कार्यक्रम का समापन किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment