Betul News : बैतूल। शाहपुर थाना पुलिस ने इंसानियत और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ एक महिला को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया। महिला बीते दो दिनों से जंगल में भटक रही थी, जिसे शनिवार को पुलिस ने खोजकर परिवार के सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार महिला केसला क्षेत्र में मजदूरी के लिए गई थी। इसी दौरान उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई और वह रास्ता भटकते हुए जंगल क्षेत्र में पहुंच गई। 24 जनवरी की दोपहर करीब तीन बजे वह भौंरा के जंगल इलाके में इधर-उधर घूमती हुई दिखाई दी। सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक कुंवरलाल नागले मौके पर पहुंचे, लेकिन महिला अपनी पहचान और पता बताने की स्थिति में नहीं थी।
सोशल मीडिया से हुई पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया के निर्देश पर महिला की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं, जिससे उसकी पहचान की जा सके। कुछ ही समय में जानकारी मिली कि महिला भौंरा चौकी क्षेत्र के पास स्थित एक गांव की रहने वाली है। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया।
डायल 112 टीम ने सुरक्षित पहुंचाया घर
डायल 112 की टीम, जिसमें महिला आरक्षक सविता, मनीषा और आरक्षक जय किशन शामिल थे, महिला को सुरक्षित उसके परिजनों तक लेकर पहुंची। बेटी को सही-सलामत देखकर परिजन भावुक हो गए और उन्होंने शाहपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी ने महिला के इलाज में हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया। शाहपुर पुलिस की यह पहल उनकी संवेदनशीलता, तत्परता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाती है।






