Betul News : बैतूल। जिले में अब चोरी की वारदातों में अपराधी तकनीकी उपकरणों का इस्तेमाल करने लगे हैं। ताजा मामला सदर क्षेत्र के इटारसी रोड स्थित वर्मा पेट्रोल पंप का है, जहां शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक रेत से भरा डंपर चोरी करने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, एर्थ वर्क मूवर्स के संचालक तौफीक खान का डंपर पेट्रोल पंप पर खड़ा था। रात करीब तीन बजे पांच युवक वाहन में घुसे, तभी अंदर सो रहे चालक राजेश विश्वकर्मा की आंख खुल गई। उसकी सतर्कता से चोर भाग निकले और वारदात को अंजाम देने में नाकाम रहे।
सुबह जांच के दौरान चालक को डंपर के केबिन में एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिला। जांच में सामने आया कि यह डिवाइस मोबाइल नेटवर्क और जीपीएस सिग्नल को करीब एक से दो किलोमीटर की दूरी तक जाम कर सकता है। आशंका है कि चोरों ने डंपर चोरी की साजिश के तहत जीपीएस सिस्टम निष्क्रिय करने के लिए यह जैमर लगाया था।
शुरुआत में वाहन मालिक ने चोरी न होने के कारण पुलिस को सूचना नहीं दी, लेकिन संदिग्ध डिवाइस मिलने के बाद मामला कोतवाली पुलिस तक पहुंचा।
टीआई नीरज पाल ने प्राथमिक जांच में डिवाइस को ‘मॉडम’ बताया है, हालांकि ऑनलाइन जांच में यह उपकरण जीपीएस और मोबाइल नेटवर्क जैमर के रूप में सामने आया है। यह घटना इस बात का संकेत है कि अब चोर पारंपरिक तरीकों की बजाय हाईटेक तकनीक का सहारा ले रहे हैं, जिससे पुलिस के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।






