Betul News : बैतूल जिला चिकित्सालय में निशुल्क कृत्रिम हाथ वितरण शिविर शुरू, 126 हितग्राहियों को मिलेगा लाभ

On: January 16, 2026 10:55 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल जिला चिकित्सालय परिसर स्थित क्रिटिकल केयर यूनिट में शुक्रवार से निशुल्क कृत्रिम हाथ वितरण शिविर की शुरुआत हो गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश एवं इनाली फाउंडेशन, दिल्ली के सहयोग से आयोजित यह दो दिवसीय शिविर 16 और 17 जनवरी तक चलेगा। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आधुनिक प्रोस्थेटिक सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े ने जानकारी दी कि शिविर के लिए पांच जिलों के कुल 126 जरूरतमंद हितग्राहियों का पंजीयन किया गया है। शिविर के पहले दिन सेहरा, शाहपुर, घोड़ाडोंगरी, प्रभात पट्टन एवं हरदा जिले के लाभार्थियों को कृत्रिम हाथ लगाए जा रहे हैं। वहीं शनिवार, 17 जनवरी को भैंसदेही, चिचोली, आठनेर, आमला, मुलताई, बैतूल शहरी एवं भीमपुर क्षेत्र के हितग्राहियों को इस योजना का लाभ दिया जाएगा। हरदा जिले के 10 हितग्राही भी इस शिविर में शामिल हैं।

डॉ. हुरमाड़े ने बताया कि वितरित किए जा रहे कृत्रिम हाथ आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक प्रोस्थेटिक तकनीक पर आधारित हैं, जो बैटरी से संचालित होते हैं और इनमें उंगलियों की स्वाभाविक हलचल संभव है। इन हाथों पर कंपनी द्वारा दो साल की वारंटी भी दी जा रही है। वारंटी अवधि में किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में कंपनी के प्रतिनिधि स्वयं हितग्राही के घर जाकर हाथ बदलने की सुविधा उपलब्ध कराएंगे। इनाली फाउंडेशन के तकनीकी विशेषज्ञ शिविर स्थल पर हाथों की फिटिंग का कार्य कर रहे हैं।

यह शिविर विशेष रूप से 15 वर्ष से अधिक उम्र के उन वयस्क हितग्राहियों के लिए आयोजित किया गया है, जिनके हाथ का कोहनी से नीचे का हिस्सा नहीं है। शिविर में पहुंचे हितग्राही मन्नू सलाम ने बताया कि कृत्रिम हाथ मिलने से उन्हें दैनिक कार्यों में काफी सहूलियत मिलेगी और जीवन में आत्मविश्वास बढ़ेगा।

शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आरबीएसके प्रबंधक योगेन्द्र कुमार से मोबाइल नंबर 9329553382 पर संपर्क किया जा सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment