Betul News: रामपुर में किसानों का हल्ला बोल: बिजली कटौती से नाराज़ किसानों ने सब स्टेशन का घेराव कर किया प्रदर्शन

On: November 11, 2025 8:43 AM
Follow Us:

Betul News: बैतूल। शाहपुर ब्लॉक के रामपुर में शनिवार को बिजली संकट से परेशान किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। ढप्पा, टेमरास, सेहरा और आसपास के गांवों से आए सैकड़ों किसानों ने रामपुर बिजली सब स्टेशन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने विभाग पर लापरवाही और अनदेखी के आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार हो रही बिजली कटौती से फसलों की सिंचाई ठप हो गई है।

किसानों ने बताया कि कई बार शिकायतें करने के बाद भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। जर्जर तार, खराब ट्रांसफार्मर और बार-बार होने वाली बिजली गुल से उनका खेती का काम बुरी तरह प्रभावित है।

आक्रोशित किसानों ने सब स्टेशन पर धरना देकर पुतला दहन किया और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान GE, AE, डिप्टी कलेक्टर और तीन थानों के टीआई समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों से चर्चा की और लिखित आश्वासन देने के बाद आंदोलन समाप्त कराया।

किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ये प्रमुख मांगे रखीं —

  • रामपुर सब स्टेशन के मौजूदा लाइनमैन को हटाया जाए
  • सभी खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदले जाएं
  • जर्जर तारों की मरम्मत की जाए
  • अवैध वसूली की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो
  • सरकारी योजनाओं का लाभ हर किसान तक पहुंचे

इस आंदोलन का नेतृत्व कमलेश यादव ने किया, जबकि पिंटू वरकड़े, धनराज इवने, देवचंद यादव समेत सैकड़ों किसान इसमें शामिल हुए। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बैतूल–भोपाल नेशनल हाईवे जाम कर बड़ा आंदोलन करेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment