Betul News : बैतूल। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए तीन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि राज्य में शासन पूरी तरह असंवेदनशील हो गया है। एक ओर दूषित पानी और कफ सिरप से बच्चों की मौतें हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर एक मंत्री द्वारा सेना अधिकारियों और देश की बेटियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी और कथित कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत ने स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही उजागर कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार मंत्री और अधिकारी अब तक कार्रवाई से बच रहे हैं, जो सरकार की संवेदनहीनता दर्शाता है।
डागा ने सेना अधिकारियों को लेकर दिए गए मंत्री के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह टिप्पणी न केवल सशस्त्र बलों बल्कि पूरे देश के सम्मान पर आघात है। कांग्रेस ने संबंधित मंत्री को तत्काल पद से हटाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और प्रशासनिक ढिलाई के कारण आम जनता परेशान है। बच्चों की मौत, किसानों की समस्याएं और महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार मौन बनी हुई है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने राज्य सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—
- दूषित कफ सिरप प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार मंत्री और अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
- सेना अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मंत्री को तुरंत बर्खास्त किया जाए।
- स्वास्थ्य और जनसुरक्षा से जुड़ी नीतियों पर जवाबदेही तय की जाए।
डागा ने बताया कि इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस 24 फरवरी को भोपाल में विधानसभा का घेराव करेगी और सरकार से जवाब मांगेगी।






