Betul News: बैतूल। पाथाखेड़ा पुलिस ने मंगलवार को WCL की तवा-01 खदान में हुई तांबा चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया कॉपर वायर बरामद कर लिया है। बरामद माल की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह चोरी 6 नवंबर 2025 को सामने आई थी, जब WCL कर्मचारी अरुण वर्मा (31), निवासी जैरी चौक शोभापुर, ने थाना चौकी पाथाखेड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कुछ अज्ञात लोग रात में खदान परिसर में घुसकर तांबे की तारें चोरी कर ले गए।
सूचना पर तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। 10 नवंबर को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया —
- आंसू उर्फ शंकर मर्सकोले (23)
- राजू नारे (26) — दोनों निवासी डेहरी आमढाना, थाना चोपना
- सुभाष बारस्कर (30) — निवासी ग्राम शोभापुर
पूछताछ में तीनों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी गया 3-कोर वाला कॉपर वायर बरामद कर लिया।
अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के अन्य आपराधिक कनेक्शन की जांच भी की जा रही है। तीनों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।






