Betul News : ‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर बैतूल में विवाद, यादव समाज ने प्रदर्शन पर रोक की मांग की

On: February 25, 2026 7:18 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल। ओम ठकुरानी प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर बैतूल में विवाद खड़ा हो गया है। यादव समाज के प्रतिनिधियों ने फिल्म के पोस्टर, ट्रेलर और सोशल मीडिया प्रचार सामग्री पर आपत्ति जताते हुए इसके प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है। मंगलवार शाम समाज के लोगों ने इस संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा के राष्ट्रीय महासचिव बद्रीप्रसाद यादव के नेतृत्व में समाजजनों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में फिल्म की निष्पक्ष जांच कर तत्काल प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की गई है।

पोस्टर और ट्रेलर पर आपत्ति

महासभा के प्रदेश सचिव गंगाप्रसाद यादव ने कहा कि फिल्म के पोस्टर और ट्रेलर में यादव समाज को एक वर्ग विशेष के संदर्भ में आपत्तिजनक तरीके से दर्शाया गया है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि यादव समाज हमेशा राष्ट्रनिर्माण और सामाजिक समरसता में अग्रणी रहा है, ऐसे में इस प्रकार की प्रस्तुति अपमानजनक है।

27 फरवरी 2026 को रिलीज प्रस्तावित

फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है। इसका निर्देशन अंकित भड़ाना ने किया है। फिल्म में प्रगति तिवारी, विशाल मोहन और अंकित भड़ाना मुख्य भूमिकाओं में हैं।

फिल्म की कहानी ‘सिंपल यादव’ नाम की युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पहले प्यार वसीम अख्तर से जुड़ी होती है, लेकिन परिवार के दबाव में उसे अभिमन्यु यादव से विवाह करना पड़ता है। प्रेम और सामाजिक दबाव की इसी कहानी को लेकर विवाद खड़ा हुआ है।

“टकराव नहीं, निष्पक्ष जांच चाहिए”

ज्ञापन में समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव पैदा करना नहीं है, बल्कि समाज की गरिमा की रक्षा करना है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने और पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है। साथ ही केंद्र सरकार से भी फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की पहल करने का अनुरोध किया गया है।

देर शाम सौंपा गया ज्ञापन

बताया गया कि समाज ने शाम 5 बजे तक कलेक्ट्रेट पहुंचने की सूचना दी थी, लेकिन प्रतिनिधि 6 बजे के बाद पहुंचे, जिससे कार्यक्रम का वीडियो रिकॉर्ड नहीं हो सका। जिले में यादव समाज की बड़ी आबादी होने के कारण यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment