Betul News : सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप, युवक पर मामला दर्ज

On: January 25, 2026 6:12 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल। जिले के सारणी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में एक युवक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी पर इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक और भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने का आरोप है। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी।

फरियादी आयुष पिता रंजीत सिंह (24) निवासी बगडोना, थाना सारणी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 जनवरी को बाबा मठारदेव मेले में एबीवीपी संगठन द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग सौहार्दपूर्ण माहौल में शामिल हुए थे।

इंस्टाग्राम पर डाला आपत्तिजनक वीडियो

इसके अगले दिन 21 जनवरी को आरोपी अंकित पंडोले ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें मुस्लिम समाज के लोगों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया और हिंदू समुदाय को भड़काने का प्रयास किया गया। वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर आक्रोश फैल गया और मामला तूल पकड़ने लगा।

विवाद बढ़ने पर मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक अन्य पोस्ट डालकर माफी मांगी। पोस्ट में उसने कहा कि उसका उद्देश्य किसी भी समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करना नहीं था।

आरोपी की तलाश में पुलिस

सारणी पुलिस ने धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment