Betul News : बैतूल। जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दूधावानी गांव में रविवार रात अवैध शराब से भरी बोलेरो को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने संदिग्ध वाहन को रोक लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ कर दी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो भीड़ ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया, जिससे उसका शीशा टूट गया। पुलिस ने बोलेरो से 57 लीटर अवैध शराब बरामद की है और दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
बोलेरो में छिपा रखी थी शराब
एडिशनल एसपी कमला जोशी ने बताया कि घटना की खबर मिलते ही वे रात में ही घोड़ाडोंगरी पहुंचीं। जांच में बोलेरो (क्रमांक MP06-BA-0787) से करीब 57 लीटर कच्ची शराब मिली। वाहन को जब्त कर घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी में रखा गया है।
भीड़ ने पुलिस टीम पर किया हमला
घटना के दौरान ग्रामीणों ने बोलेरो को तोड़ने के साथ-साथ शराब की बोतलें भी सड़क पर फोड़ दीं। पुलिस के पहुंचने के बाद भी भीड़ उग्र रही और पुलिस जीप पर पत्थरबाजी कर दी। एसआई आम्रपाली और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।
एक दर्जन लोगों पर मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि करीब 12 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, तोड़फोड़ और आबकारी अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। साथ ही अवैध शराब रखने और बलवा करने के आरोपों में भी कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों की नाराजगी अवैध शराब कारोबार को लेकर
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री चल रही है और शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी आक्रोश में ग्रामीणों ने बोलेरो को रोक लिया। फिलहाल जब्त शराब के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।






