Betul News: बैतूल। गंज थाना पुलिस ने दो दिन से लापता एक नाबालिग किशोर को मथुरा से सुरक्षित ढूंढ निकाला है। पुलिस ने त्वरित तकनीकी पड़ताल और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से 12 नवंबर 2025 को बालक को बरामद कर उसके परिवार के हवाले कर दिया। यह मामला तब सामने आया था जब 9 नवंबर को सहनी वार्ड निवासी मयंक ठाकरे ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका नाबालिग भाई किसी व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी वीरेंद्र जैन ने एक विशेष जांच टीम गठित की। एएसपी कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में बनी इस टीम का नेतृत्व गंज थाना प्रभारी और प्रशिक्षु डीएसपी शैफ़ा हाशमी को सौंपा गया था।
एटीएम से लेन-देन ने खोली राह
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को लड़के के एटीएम कार्ड से हुए ट्रांजेक्शन और मोबाइल लोकेशन से अहम जानकारी मिली। टीम को पता चला कि वह मथुरा में मौजूद है। इसके बाद बैतूल पुलिस ने मथुरा पुलिस से संपर्क कर बच्चा बरामद करवाया और उसे वापस बैतूल लाकर परिजनों को सौंप दिया।
धार्मिक प्रवृत्ति का छात्र निकला नाबालिग
मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग मूलतः भैंसदेही के खेड़ली का निवासी और 12वीं कक्षा का छात्र है। बताया गया कि वह धार्मिक स्वभाव का है और घर में माता-पिता के मजदूरी पर जाने के दौरान अकेले ही निकल गया था।
पुलिस टीम का अहम योगदान
इस पूरी कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी शैफ़ा हाशमी के साथ प्रधान आरक्षक मंतराम, हितुलाल, आरक्षक अनिरुद्ध, दीपक, महिला आरक्षक प्रियंका और नरेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






