Betul News: आमला गैंगरेप कांड: भोपाल से फरार तीसरा आरोपी गिरफ्तार, पीड़ित किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर राजधानी रेफर

On: November 3, 2025 10:32 AM
Follow Us:

Betul News: बैतूल। आमला में नाबालिग छात्रा के साथ हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद से अपने रिश्तेदार के घर में छिपा हुआ था। वहीं पीड़ित किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।

इस तरह हुआ था अपराध

घटना 31 अक्टूबर की है। स्कूल से घर लौट रही 14 वर्षीय छात्रा को तीन युवकों ने स्कॉर्पियो में लिफ्ट दी और फिर उसे सुनसान जगह पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। अगली सुबह पीड़िता आमला रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल में संदिग्ध हालत में बैठी मिली। पूछताछ में उसने पूरी घटना का खुलासा किया।

फोन कॉल बना अहम सुराग

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों तक पहुंचने में एक फोन कॉल अहम साबित हुआ। घटना के दौरान पीड़िता ने एक आरोपी के मोबाइल से अपने मित्र को कॉल किया था, जिससे पुलिस को उनकी लोकेशन का सुराग मिला और तीनों आरोपी पकड़ में आए।

पीड़िता की हालत बिगड़ी

पीड़ित नाबालिग को पेट दर्द की शिकायत पर डॉक्टरों ने सोनोग्राफी जांच के लिए भोपाल रेफर किया। उसे महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता की हालत अब स्थिर है और उसकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

तीनों आरोपी पुलिस गिरफ्त में

इस मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इन्हें सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पीड़िता की मौजूदगी में शिनाख्त परेड कराई जाएगी।

प्रशासन ने हटाई आरोपी की दुकान

घटना के बाद नगर परिषद आमला ने आरोपी की अवैध चिकन शॉप को हटा दिया। सीएमओ जी.आर. देशमुख ने बताया कि दुकान शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई थी।

एसपी बैतूल ने केस की जांच डीएसपी (विमेन सेफ्टी) दुर्गेश मार्को को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से जारी है और आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment