Betul Murder News: मुलताई। मंगलवार रात हुई आदित्य टेकाम हत्याकांड की वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से लोगों में भारी आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट पर परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने मुख्य मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। सड़क जाम कर दिए जाने से यातायात ठप हो गया और आसपास का माहौल तनावपूर्ण बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात नगर में आदित्य टेकाम की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरी वारदात सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारित हुई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन बुधवार सुबह तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
परिजनों का आरोप है कि 20 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकता था।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। परिजनों की प्रमुख मांगों में…
लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई।
आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी,
मृतक परिवार को आर्थिक सहायता,
स्थिति बिगड़ने की आशंका के चलते मौके पर थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आंदोलन जारी था और मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित बना हुआ था।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि हत्या की इस घटना के बाद नगर में भय और रोष का माहौल है। लोगों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
पुलिस का बयान:
“आरोपियों की पहचान कर ली गई है। टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।”
मुलताई थाना पुलिस अधिकारी






