Betul Mandi News : बैतूल। नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर कृष्ण गोपाल तिवारी ने गुरुवार को बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के साथ कृषि उपज मंडी का अचानक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भावांतर योजना के तहत चल रही सोयाबीन और मक्का खरीदी की स्थिति का विस्तार से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर तिवारी ने मंडी परिसर में मौजूद किसानों और व्यापारियों से सीधा संवाद किया और खरीदी की पारदर्शिता को लेकर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों से यह भी पूछा कि क्या मंडी में किसी प्रकार की अनुचित या मनमानी गतिविधि हो रही है।
कमिश्नर ने मौके पर मंडी में अनाज की गुणवत्ता की जांच की और व्यापारियों द्वारा की जा रही खुली बोली प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो और भुगतान प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए।
इन दिनों बैतूल की सभी मंडियों में सोयाबीन और मक्का की भावांतर खरीदी जोरों पर है, जिसके चलते किसानों की बड़ी संख्या मंडियों में पहुंच रही है। निरीक्षण के समय जिला पंचायत के सीईओ, उप संचालक कृषि और बैतूल एसडीएम भी उपस्थित थे।






