Betul ki Khaber : बैतूल। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर संचालित ‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश’ अभियान के अंतर्गत प्रभातपट्टन विकासखंड के सेक्टर क्रमांक 03 की ग्राम पंचायत बघोड़ा में रविवार को सेक्टर स्तरीय ग्रामोत्सव एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विकासखंड समन्वयक राधा बरोदे के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नवांकुर समिति साईं बहुउद्देशीय प्रशिक्षण संस्था बघोड़ा के प्रतिनिधि कमलेश आदवारे ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत कराया।
जल–पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक खेती पर चर्चा
विकासखंड मेंटर माधोराव कापसे ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखे तथा ग्रामीणों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। वहीं कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती पर जानकारी दी गई, जिसमें किसानों को रासायनिक मुक्त खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत सरपंच सुनंदा महाले के नेतृत्व में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही आनंद उत्सव भी मनाया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हाई स्कूल बघोड़ा, अम्बा स्कूल आष्टा एवं स्कूल देवभिलाई के विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत एवं नाट्य कला की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रस्पुटन समिति अध्यक्ष पवन साहू, ग्राम पंचायत सचिव राजू झरबड़े, ग्राम पटवारी सुखदेव परते, प्राचार्य नरेश दरवाई, CMCLDP छात्र, बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ते हुए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। आयोजन में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।






