समय पर वेतन नहीं मिला तो हड़ताल की चेतावनी
Betul ki Khaber : नगर पालिका परिषद बैतूल के कर्मचारियों ने शुक्रवार को परिषद की बैठक से पहले वेतन भुगतान में हो रही लगातार देरी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कर्मचारी संघ अध्यक्ष मदनलाल विनोदकर के नेतृत्व में नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए समय पर वेतन भुगतान की मांग की और मांगें पूरी नहीं होने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी।
कर्मचारी संघ अध्यक्ष मदनलाल विनोदकर ने बताया कि शासन के नियमानुसार कर्मचारियों को हर माह 1 से 5 तारीख के बीच वेतन का भुगतान किया जाना चाहिए, लेकिन पिछले चार महीनों से कर्मचारियों को 25 से 30 तारीख के बीच वेतन दिया जा रहा है। इस देरी के कारण कर्मचारियों को बच्चों की स्कूल फीस, बैंक की किश्तें, इलाज और घरेलू खर्चों को पूरा करने में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पर्याप्त राशि के बावजूद देरी का आरोप
विनोदकर ने आरोप लगाया कि नगर पालिका के पास चुंगी क्षतिपूर्ति सहित अन्य राजस्व मदों से पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है, इसके बावजूद कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी पर कर्मचारियों की उपेक्षा करने और उनकी समस्याओं को गंभीरता से न लेने का आरोप भी लगाया।
आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी
कर्मचारी संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ और शासन द्वारा निर्धारित तिथि पर वेतन भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन करने के साथ-साथ हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि समय पर वेतन भुगतान कर उन्हें आर्थिक और मानसिक तनाव से राहत दी जाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।






