Betul ki Khaber : शिव धाम सालबर्डी में महाशिवरात्रि मेला गुरुवार से, लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

On: February 11, 2026 9:16 AM
Follow Us:

Betul ki Khaber : बैतूल। मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिव धाम सालबर्डी में महाशिवरात्रि का वार्षिक मेला गुरुवार से प्रारंभ होगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी दोनों राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है। महाशिवरात्रि पर विशेष पूजन-अभिषेक और दर्शन के लिए भक्त बड़ी संख्या में यहां आते हैं।

मेले की तैयारियों को लेकर मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसके बाद तहसीलदार संजय बरिया, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार तथा मासोद चौकी प्रभारी आरएस राजपूत ने सालबर्डी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र, गुफा तक जाने वाले मार्ग, दर्शन व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, बिजली और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय बरिया ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया है। पुलिस विभाग को अतिरिक्त बल तैनात कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मेले के दौरान पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। महिला सुरक्षा, मेडिकल सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके।

प्राकृतिक गुफा में विराजित स्वयंभू शिवलिंग
शिव धाम सालबर्डी प्राकृतिक गुफा में स्थित प्राचीन शिवलिंग के कारण विशेष धार्मिक आस्था का केंद्र है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि यहां दर्शन-पूजन करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। महाशिवरात्रि के दिन विशेष अभिषेक, पूजन और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।

प्रशासन का कहना है कि मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment