चार थानों के प्रभारी बदले, शाहपुर टीआई देवकरण डेहरिया बने फिर कोतवाली प्रभारी
Betul ki Khaber : बैतूल जिले में मंगलवार को पुलिस विभाग में तबादलों की नई सूची जारी की गई। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने चार थानों के प्रभारी स्तर के अधिकारियों के पदस्थापन आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कोतवाली, गंज, शाहपुर और रानीपुर थानों के थाना प्रभारी शामिल हैं।
जारी आदेशों के अनुसार शाहपुर थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया को पुनः कोतवाली थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि देवकरण डेहरिया इससे पहले भी 15 फरवरी 2024 से 16 नवंबर 2024 तक लगभग दस माह तक कोतवाली थाना प्रभारी के पद पर रह चुके हैं।
वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल को उनके पद से हटाकर गंज थाना प्रभारी बनाया गया है। नीरज पाल को 23 अक्टूबर 2025 को कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

प्रशिक्षु डीएसपी का तबादला
गंज थाना प्रभारी के रूप में प्रशिक्षण ले रहीं प्रशिक्षु डीएसपी सैफ़ा हाशमी को गंज थाने से हटाकर मुल्ताई एसडीओपी कार्यालय में अटैच किया गया है। अब वे एसडीओपी मुल्ताई के अधीन रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।
रानीपुर से शाहपुर भेजे गए टीआई
इसके अलावा रानीपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे को शाहपुर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रानीपुर थाने में फिलहाल किसी नए थाना प्रभारी की पदस्थापना नहीं की गई है।

लाइन में तैनात टीआई पर भी चर्चा
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बैतूल में पदस्थापना के महज दो दिन बाद ही कोतवाली टीआई रविकांत डेहरिया को लाइन हाजिर कर दिया था। वर्तमान में टीआई रविकांत डेहरिया, बबीता उइके और सरविंद धुर्वे जैसे निरीक्षक स्तर के अधिकारी लाइन में तैनात हैं, जिन्हें बीते छह महीनों से फील्ड पोस्टिंग नहीं मिल सकी है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले पुलिस अधीक्षक द्वारा 27 नवंबर को थाना स्तर पर अंतिम बड़ा फेरबदल किया गया था।






