Betul ki Khaber : बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सालीमेट में खेत में काम कर रहे एक किसान की सांप के डसने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय ब्रजमोहन परते के रूप में हुई है। यह घटना 19 जनवरी की शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार खेत में काम करने के दौरान अचानक सांप ने ब्रजमोहन परते को डस लिया। सांप के काटते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में ब्रजमोहन परते को आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा लगातार उपचार किया गया। बावजूद इसके बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि ब्रजमोहन परते अपने परिवार का एकमात्र सहारा थे। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। वे खेती के साथ-साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।






