Betul Ki Khabar : बैतूल। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 15 मार्च से सभी शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। वहीं चार पहिया वाहन चलाने वाले अधिकारियों को सीट बेल्ट लगाना भी जरूरी होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा जुर्माने सहित चालानी कार्रवाई की जाएगी।
यह निर्णय सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित सड़क सुरक्षा संबंधी बैठक में लिया गया। कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यालयों में इन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं। साथ ही अधिकारियों से अपील की कि वे अपने परिवार और आम नागरिकों को भी हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर ने प्रमुख मार्गों पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए सभी एसडीएम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित क्षेत्रों में मुनादी या अनाउंसमेंट कराया जाए, ताकि लोगों को पहले से जानकारी मिल सके।
खतरनाक मोड़ों पर होंगे सुरक्षा इंतजाम
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए खतरनाक मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए हैं। इसमें संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल होंगी।

बड़ोरा मंडी क्षेत्र में ट्रैफिक सुधार की तैयारी
कलेक्टर ने बड़ोरा मंडी क्षेत्र में ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग, ट्रैफिक पुलिस, नगरपालिका और राजस्व विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर उचित समाधान निकालने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन, अपर कलेक्टर वंदना जाट, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री प्रीति पटेल और यातायात प्रभारी गजेंद्र केन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






