Betul Ki Khabar : मुलताई नगर पालिका की दुकान नीलामी रद्द होने पर शिकायत, भोपाल संचालनालय ने मांगी रिपोर्ट

On: November 6, 2025 8:31 AM
Follow Us:

Betul Ki Khabar : मुलताई। नगर पालिका परिषद की दुकान नीलामी को बिना कारण रद्द किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। इस पर इंदिरा गांधी वार्ड निवासी कोमल पवार ने नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय, भोपाल में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

कोमल पवार ने बताया कि उन्होंने निविदा क्रमांक 2025_UAD_439639_1 और 2025_UAD_439638_1 के तहत दुकान नीलामी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। वित्तीय बोली 13 अगस्त को खोली गई थी, जिसमें वे योग्य पाई गईं। लेकिन 3 सितंबर को दोनों निविदाएं अचानक रद्द कर दी गईं, जबकि कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई।

रिश्वत मांगने का भी लगाया आरोप

आवेदक ने बताया कि विभाग ने निविदा निरस्तीकरण का कोई कारण पोर्टल पर दर्ज नहीं किया। पूछताछ करने पर केवल इतना कहा गया कि बोली राशि कम थी, जबकि उन्होंने सरकारी दर से अधिक बोली लगाई थी। पवार ने यह भी आरोप लगाया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे “नगरपालिका का खर्च उठाने” की बात कही, जिसे उन्होंने रिश्वत मांगने का प्रयास बताया। उनका कहना है कि रिश्वत नहीं देने की वजह से निविदा रद्द की गई।

संचालनालय ने लिया संज्ञान, एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब

मामले पर भोपाल संचालनालय ने कार्यपालन यंत्री, भोपाल संभाग से एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी है। यह निर्देश प्रमुख अभियंता प्रदीप एस. मिश्रा द्वारा पत्र क्रमांक ई-टेंडर/07-3/2025/11558 दिनांक 08/09/2025 के माध्यम से जारी किया गया।

संचालनालय ने आदेश दिया है कि निविदा रद्द करने के कारणों की लिखित जानकारी प्रस्तुत की जाए, ताकि पूरे प्रकरण में पारदर्शी और न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। यह मामला अब नगरपालिका की पारदर्शिता और निविदा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment