Betul Ki Khabar: आठनेर (बैतूल)। निरगुण डैम में डूबे युवक का शव रविवार सुबह एसडीआरएफ टीम ने बरामद कर लिया। मृतक की पहचान शिवदयाल (27) पिता छानो, निवासी निरगुण, के रूप में हुई है। शव मिलने के समय युवक की कमर में बिजली का तार बंधा हुआ था, जिससे घटना को लेकर कई सवाल उठ खड़े हुए हैं।
प्लाटून कमांडर सुनीता पंद्रे ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार शिवदयाल खेत मालिक के कहने पर मोटर का बिजली कनेक्शन जोड़ने के लिए बांध पार कर रहा था। इसी दौरान केबल के वजन और पानी की गहराई के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डूब गया।
किसान नेता रमेश गायकवाड़ ने बताया कि खेत मालिक ने उसे ट्रांसफार्मर तक तार ले जाने का काम सौंपा था। उन्होंने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए पूरी जांच की मांग की है।
सुबह से चल रहे सर्च ऑपरेशन में एसडीआरएफ की छह सदस्यीय टीम — भूपेंद्र, योगेश, रामकरण, पंकज, लवकेश और कैलाश — ने प्लाटून कमांडर पंद्रे के नेतृत्व में डेम में उतरकर सर्च किया और कुछ घंटे बाद शव को बाहर निकाला।
आठनेर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह घटना सिर्फ हादसा थी या किसी की लापरवाही का नतीजा।






