Betul ki Khabar : बैतूल। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बैतूल जिले की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि जिले में अब कुल 12,13,167 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 6,17,769 पुरुष, 5,95,389 महिला तथा 9 अन्य मतदाता शामिल हैं।
संशोधन में हटे 4,308 नाम, 17,609 नए मतदाता जुड़े
पुनरीक्षण के दौरान 213 मतदाता अपात्र पाए गए। इसके अलावा मृत, स्थानांतरित अथवा दोहरी प्रविष्टि वाले 4,308 नाम सूची से विलोपित किए गए। यह कार्रवाई फॉर्म-7 के आवेदनों के निराकरण के बाद की गई।
फॉर्म-6 के माध्यम से 21,917 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि फॉर्म-8 के तहत 11,250 प्रविष्टियों में संशोधन किया गया। कुल मिलाकर अंतिम सूची में 17,609 नए मतदाता शामिल हुए हैं।

1.72 लाख प्रकरणों का हुआ निराकरण
23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारूप सूची में जिले में 11,95,558 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 6,995 नो-मैपिंग तथा 1,65,031 लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी सहित कुल 1,72,025 प्रकरण चिन्हित किए गए। सभी मामलों की सुनवाई और पात्रता परीक्षण के बाद अंतिम सूची जारी की गई।
भैंसदेही अव्वल, आमला सबसे पीछे
जिले का इलेक्टोरल पॉपुलेशन (EP) रेशियो 66.90 तथा जेंडर रेशियो 963.77 दर्ज किया गया है। विधानसभावार मतदाता संख्या इस प्रकार है—
- मुलताई: 2,28,847
- आमला: 2,04,902
- बैतूल: 2,51,613
- घोड़ाडोंगरी: 2,63,234
- भैंसदेही: 2,64,571
इस प्रकार भैंसदेही विधानसभा में सर्वाधिक तथा आमला में सबसे कम मतदाता दर्ज किए गए हैं।
कलेक्टर सूर्यवंशी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य जिले में निर्विघ्न और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। उन्होंने बीएलओ, सुपरवाइजर, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा आम मतदाताओं के सहयोग को सराहनीय बताया। अंतिम मतदाता सूची निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां नागरिक ऑनलाइन अपना नाम सत्यापित कर सकते हैं।






