Betul Khabar : नई स्टेट कैरेज नीति के विरोध में बस संचालकों की हड़ताल, 2 मार्च से अनिश्चितकालीन चक्का जाम की चेतावनी

On: February 24, 2026 10:44 AM
Follow Us:

Betul Khabar : बैतूल। जिले के बस संचालकों ने राज्य सरकार की प्रस्तावित नई स्टेट कैरेज नीति के विरोध में 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को जिला बस यूनियन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

बस संचालकों का कहना है कि नई नीति निजी बस व्यवसाय के लिए घातक साबित होगी। उनके अनुसार, स्टेट कैरेज परमिट जारी होने से निजी बस ऑपरेटर्स की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा और छोटे संचालकों का व्यवसाय खतरे में पड़ जाएगा।

यूनियन से जुड़े विकास आर्य ने आरोप लगाया कि यह नीति प्रदेश के कुछ बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत बड़े उद्योगपति छोटे बस ऑपरेटर्स से बसें लेकर उनका संचालन करेंगे।

हालांकि बसों का परमिट, रोड टैक्स और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने की जिम्मेदारी बस ऑपरेटर की ही रहेगी। इसके अलावा उद्योगपतियों को निश्चित रॉयल्टी भी देनी होगी। यूनियन का आरोप है कि इस व्यवस्था से छोटे बस संचालक आर्थिक रूप से कमजोर पड़ जाएंगे और धीरे-धीरे बाजार से बाहर हो जाएंगे।

यूनियन ने सरकार से मांग की है कि प्रस्तावित नीति को तत्काल वापस लिया जाए और निजी बस संचालकों के हितों की रक्षा की जाए। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 2 मार्च से प्रदेशभर में बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा, जिससे आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

ज्ञापन सौंपने वालों में विकास आर्य, संजू गायत्री, शरद वागदरे, अनिल पोटे, योगेश पोटे और अशोक राठौर सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment