Betul Fire News : बैतूल। शहर के इटारसी रोड स्थित बसंत पेट्रोल पंप के पास शनिवार देर शाम एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार राशिद भाई के प्लास्टिक और रद्दी के कबाड़ के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते पूरे कबाड़ के ढेर में फैल गई।
गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, रबर, टायर और वाहनों का स्क्रैप रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। बैतूल, बैतूल बाजार और शाहपुर से दमकल वाहनों को बुलाया गया। कुल तीन से चार दमकल गाड़ियों की मदद से देर शाम तक आग बुझाने का प्रयास जारी रहा।

टायर और एयर टंकियां फटने से गूंजे धमाके
बताया जा रहा है कि गोदाम में करीब 500 से अधिक टायर, एयर टंकियां, ब्रेक सिलेंडर और अन्य वाहन कबाड़ रखा हुआ था। आग लगने के बाद बीच-बीच में तेज धमाकों की आवाजें भी सुनाई देती रहीं, जो कबाड़ में रखी एयर टंकियों के फूटने से आ रही थीं। इससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

हाई पावर बिजली लाइन से भी था खतरा
जिस स्थान पर आग लगी, उसके ठीक ऊपर से हाई पावर बिजली लाइन गुजर रही है। आग की तेज लपटों और गर्मी से बिजली के तारों के पिघलने का खतरा भी पैदा हो गया था। हालांकि फायर ब्रिगेड द्वारा लगातार पानी डालने से आग की तीव्रता कुछ कम हुई और लपटें बिजली लाइनों तक नहीं पहुंच सकीं।

दुकानों को खाली कराया, जेसीबी से हटाया जा रहा कबाड़
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास की दुकानों को भी खाली करवा दिया ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। आग को फैलने से रोकने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन भी बुलाई गई है, जिसकी मदद से कबाड़ को हटाकर अलग किया जा रहा है ताकि आग को जल्द नियंत्रित किया जा सके।
पास में एचपी गैस कार्यालय होने से बढ़ी चिंता
घटना स्थल के ठीक बगल में एचपी गैस का कार्यालय भी स्थित है। ऐसे में आग के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी, लेकिन समय रहते फायर ब्रिगेड और पुलिस की सक्रियता से स्थिति को काबू में करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं।






