Betul Crime News : बैतूल |क्रिकेट विवाद में युवक की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार

On: January 22, 2026 7:45 AM
Follow Us:

Betul Crime News : बैतूल शहर के गंज थाना क्षेत्र में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

यह घटना 19 जनवरी की शाम गंज थाना क्षेत्र के कत्लढाना इलाके की है। जानकारी के अनुसार क्रिकेट खेलने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे 27 वर्षीय मोहित गोहे पर आरोपियों ने बैट और डंडों से हमला कर दिया। हमले में मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले बैतूल जिला अस्पताल और बाद में भोपाल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।

थाना गंज प्रभारी शैफा हाशमी ने बताया कि मृतक की पत्नी प्रीति तोमर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी तनिष्क उर्फ पुनित कहार और दीपक धुर्वे, दोनों निवासी खंजनपुर, ने क्रिकेट खेलने की बात पर गाली-गलौच करते हुए मोहित पर बैट से हमला किया था।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 14/26 के तहत धारा 103(1), 115(2), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पहले तनिष्क उर्फ पुनित कहार और बाद में दीपक धुर्वे को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बैट भी जब्त कर लिया है, जिसे वारदात के बाद झाड़ियों में फेंक दिया गया था। साथ ही घटनास्थल का नक्शा भी तैयार किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शैफा हाशमी, उप निरीक्षक पवन कुमरे, इरफान कुरैशी, रघु काकोडे, सहायक उप निरीक्षक किशोरीलाल, प्रधान आरक्षक मयूर, आशीष, चंद्रकिशोर, निलेश तथा आरक्षक गजानंद और चंद्रश की अहम भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment