Betul Crime News: मुलताई। रविवार की रात नगर के बस स्टैंड पारेगांव रोड पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक पर किसी ने चाकू से हमला कर दिया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई इस घटना से लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 8 बजे श्री होटल के पास हुई। घायल युवक की पहचान आदित्य टेकाम (निवासी खरसाली, पिता राजू टेकाम) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी और आदित्य के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जो रविवार रात हिंसक रूप ले लिया।
हमले में आदित्य को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे मुलताई सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही मुलताई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए।
प्रत्यक्षदर्शी सतीश उइके ने बताया कि दोनों युवकों के बीच पहले भी कहा-सुनी हो चुकी थी। रविवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। प्राथमिक जांच में यह मामला पुराने आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद से बस स्टैंड क्षेत्र में डर और आक्रोश का माहौल है। यह इलाका दिन-रात लोगों से भरा रहता है, ऐसे में इस तरह की वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का बयान:
“हमले के बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
मुलताई थाना पुलिस अधिकारी






