Betul Crime News : बैतूल। कोतवाली पुलिस ने शहर में हुई लूट की तीन अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए चार नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और कुछ नकदी बरामद की है। ये वारदातें 20 जनवरी, 30 जनवरी और 9 फरवरी को हुई थीं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नाबालिग बाइक पर घूम-घूमकर राहगीरों को निशाना बनाते थे और उनसे मोबाइल, नकदी व वाहन छीन लेते थे। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि पकड़े गए चार में से दो नाबालिगों के खिलाफ पहले से हत्या के मामले भी दर्ज हैं।
ऐसे की थीं वारदातें
- 20 जनवरी: लक्की ढाबा के पास अथर्व दुबे से मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन छीना गया।
- 30 जनवरी: फोरलेन हाईवे पर फुलेसिंह से मोटरसाइकिल, मोबाइल और 150 रुपए लूटे गए।
- 9 फरवरी: टिगारिया-लापाझिरी मार्ग पर सुरजू से बैग और 5 हजार रुपए छीन लिए गए।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया के नेतृत्व में की गई। टीम में उप निरीक्षक उत्तम मस्तकार, उप निरीक्षक वसंत अहाके, प्रधान आरक्षक शिव उईके, प्रधान आरक्षक तरुण पटेल, आरक्षक अनिरुद्ध यादव, नितिन चौहान, विशाल, दीपेंद्र सिंह और राजेंद्र धाड़से शामिल रहे।
अभिभावकों से अपील
बैतूल पुलिस ने अभिभावकों और युवाओं से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि किशोरावस्था में की गई आपराधिक गतिविधियां बच्चों के भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करती हैं। आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतत कार्रवाई कर रही है।






