Betul Crime News: बैतूल में शनिवार देर रात चोरों ने दो मंदिरों को निशाना बनाया। विनोबा नगर स्थित श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर और गंज इलाके के माता मंदिर में चोरों ने दान पेटियां तोड़कर हजारों रुपये की नकदी चुरा ली। लगातार दो वारदातों से भक्तों में आक्रोश है।
जैन मंदिर में टूटी मिली दान पेटी
जैन मंदिर समिति अध्यक्ष के अनुसार, चोर देर रात मंदिर के दरवाजों के हैंडल तोड़कर अंदर घुसे और दान पेटी लेकर फरार हो गए। रविवार सुबह समिति सदस्यों को पेटी ऊपरी मंजिल पर टूटी हालत में मिली और उसमें रखी नकदी गायब थी। अनुमान है कि पेटी में हजारों रुपये का दान था।
माता मंदिर को भी बनाया निशाना
इसी रात गंज क्षेत्र के माता मंदिर में भी चोरी हुई। समिति सदस्य प्रवीण बिहारे ने बताया कि चोरों ने मंदिर की तिजोरी तोड़कर उसमें रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही गंज थाना प्रभारी शिफा हाशमी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि दोनों मंदिरों के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों चोरी की वारदातें एक ही गिरोह ने की हैं।






