Betul Crime News : बैतूल। जिला जेल की महिला बैरक में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पति की हत्या के आरोप में बंद 21 वर्षीय विचाराधीन महिला कैदी ने कांच की चूड़ियां पीसकर निगल लीं। तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया।
बैरक में थीं 18 अन्य महिला कैदी
जानकारी के अनुसार, विचाराधीन कैदी पूनम पति राजू (21), निवासी घोघरी, शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बैरक में मौजूद थी। उसी समय बैरक में 18 अन्य महिला कैदी भी थीं, लेकिन किसी को घटना की भनक नहीं लगी। कुछ देर बाद जब पूनम की हालत बिगड़ने लगी, तब जेल प्रहरियों को इसकी जानकारी हुई।
जेल नियमों के अनुसार, कैदियों को प्रवेश से पहले कड़ा, कंघी, धागा, कलावा और चूड़ी जैसी वस्तुएं उतरवा ली जाती हैं। ऐसे में कांच की चूड़ियां उसके पास कैसे पहुंचीं, यह गंभीर जांच का विषय बन गया है।

सुरक्षा व्यवस्था की जांच
प्रभारी जेलर योगेश शर्मा ने बताया कि सुरक्षा के कड़े मानकों के बावजूद कांच की चूड़ी जेल के अंदर पहुंचना गंभीर मामला है। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
गले में गहरे जख्म, ICU में भर्ती
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन के मुताबिक, महिला के गले के अंदरूनी हिस्से में कांच के टुकड़ों से गहरे जख्म हुए हैं। स्थिति को देखते हुए उसे ICU में भर्ती किया गया था। कांच के टुकड़ों से शरीर के अन्य अंगों को नुकसान न पहुंचे, इसलिए उसे भोपाल रेफर किया गया है।
प्रेम प्रसंग और हत्या का मामला
पूनम उईके को 18 दिसंबर 2025 को अपने पति राजू उईके की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि उसने महाराष्ट्र के तीन युवकों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
जेल सूत्रों के अनुसार, चर्चा है कि उसका कथित प्रेमी भी इसी जेल में बंद है। प्रभारी जेलर के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह आत्मग्लानि या मानसिक तनाव का मामला प्रतीत हो रहा है।
सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद महिला बैरक की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पूनम पर किसी प्रकार का दबाव था या यह अवसाद से जुड़ा मामला है। फिलहाल उसके स्वस्थ होने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि विस्तृत बयान लिए जा सकें।






