Betul Crime News : बैतूल में बच्चा चोरी की अफवाह से हड़कंप, ग्रामीणों ने युवक को पकड़ा; जांच में निकला महाराष्ट्र का गुमशुदा

On: March 9, 2026 9:25 AM
Follow Us:

Betul Crime News : शाहपुर (बैतूल)। जिले में इन दिनों फैल रही बच्चा चोरी की अफवाहों के बीच रविवार को शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पाठई में ग्रामीणों ने एक युवक को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया। हालांकि पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक महाराष्ट्र का रहने वाला है और मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण घर से भटककर यहां पहुंच गया था। पुलिस ने बच्चा चोरी की बात को पूरी तरह अफवाह बताया है।

जानकारी के अनुसार, गांव में संदिग्ध हालत में घूम रहे युवक को देखकर ग्रामीणों को बच्चा चोरी की आशंका हुई। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई।

महाराष्ट्र का गुमशुदा निकला युवक
पूछताछ में युवक ने अपना नाम योगेश पिता नारायण बाघमारे (43) निवासी धामनगांव, थाना दत्तापुर, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) बताया। पुलिस ने दत्तापुर थाने से संपर्क किया तो पता चला कि योगेश 13 फरवरी से घर से लापता था और उसकी गुमशुदगी दर्ज है। पुलिस के मुताबिक युवक मानसिक रूप से कमजोर है और भटकते हुए यहां पहुंच गया था। इसके बाद पुलिस ने युवक के भाई दिनेश बाघमारे को सूचना दी। दिनेश शाहपुर पहुंचे और योगेश को अपने साथ घर ले गए।

एक दिन पहले भी फैली थी अफवाह
इससे पहले शनिवार को रानीपुर थाना क्षेत्र के कोयलारी गांव में भी बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई थी। गांव का एक आठ साल का बच्चा खेत में बेहोशी की हालत में मिला था। घटना के बाद ग्रामीणों में बच्चा चोरी की चर्चा शुरू हो गई। हालांकि पुलिस जांच में बच्चा चोरी जैसी कोई घटना सामने नहीं आई।

पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की पुष्टि किए बिना किसी के साथ मारपीट या हंगामा न करें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment